PSSD क्रैश के बाद अकेलेपन से कैसे निपटें
PSSD के साथ जीते हुए लोग अक्सर दूसरों से कट जाते हैं। मरीज़ों के अनुभव से लोगों से जुड़े रहने और सहारा पाने के छोटे, व्यावहारिक कदम।

पोस्ट-SSRI सेक्शुअल डिस्फ़ंक्शन (PSSD) से जूझते हुए, यानी SSRI या SNRI एंटीडिप्रेसेंट बंद करने के बाद भी बनी रहने वाली यौन समस्याओं के साथ जीते हुए, गहरा अकेलापन महसूस हो सकता है। आपके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में आए बदलाव दूसरों से जुड़ना मुश्किल बना सकते हैं, जिससे अकेलापन और लोगों से कट जाने का एहसास होने लगता है। यहाँ कुछ सलाह है कि इस मुश्किल दौर में इन चुनौतियों से कैसे निपटें और लोगों से अपना जुड़ाव कैसे बनाए रखें।
डिस्क्लेमर
SIDEfxHUB ब्रिटेन में पंजीकृत एक चैरिटी है, जो पोस्ट-फ़िनास्टेराइड सिंड्रोम (PFS) और PSSD से प्रभावित लोगों की मदद के लिए काम करती है। हम डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी नहीं हैं। यहाँ दी गई जानकारी PSSD वाले मरीज़ों के अपने अनुभवों पर आधारित है। मेडिकल सलाह के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से बात करें। यहाँ बताए गए लक्षण और अनुभव पूरी सूची नहीं हैं। PSSD हर व्यक्ति में अलग तरह से सामने आ सकता है।
PSSD में अकेलेपन को समझना
लोगों से कट जाने की कई वजहें PSSD से जुड़ी हो सकती हैं। हो सकता है कि आप इतनी थकान, घबराहट या उदासी महसूस करें कि दोस्तों और परिवार से मिलने-जुलने का मन ही न हो। इसके अलावा, अपनी बीमारी के बारे में बात करना मुश्किल हो सकता है, जिससे दूरी और बढ़ सकती है। यह समझना ज़रूरी है कि PSSD वाले लोगों में ऐसी भावनाएँ आम हैं, और इन्हें संभालने के तरीके हैं।
अकेलेपन से निकलने के व्यावहारिक सुझाव
ये कुछ तरीके आपको लोगों से जुड़े रहने और अकेलेपन का एहसास कम करने में मदद कर सकते हैं:
1. भरोसेमंद लोगों से खुलकर बात करें
यह डरावना लग सकता है, लेकिन किसी करीबी दोस्त या परिवार के सदस्य से अपनी आपबीती के बारे में बात करने से मन का कुछ बोझ हल्का हो सकता है। ऐसे व्यक्ति को चुनें, जिनके बारे में आपको भरोसा हो कि वे आपकी बात समझेंगे और साथ देंगे।
“मुझे अपने सबसे अच्छे दोस्त को अपनी बीमारी के बारे में बताने में बहुत डर लग रहा था, लेकिन जब मैंने बताया, तो उन्होंने बहुत साथ दिया। ऐसा लगा जैसे कंधों से कोई बोझ उतर गया हो।” - PSSD मरीज़, ब्रिटेन
2. कम तनाव वाले मेलजोल को प्राथमिकता दें
मिलना-जुलना हमेशा बहुत ऊर्जा वाला या बड़े ग्रुप में होना ज़रूरी नहीं है। किसी दोस्त के साथ शांति से कॉफ़ी पीने या पार्क में टहलने के बारे में सोचें: ऐसे काम जिनमें ज़्यादा शारीरिक या मानसिक ऊर्जा नहीं लगती, फिर भी जुड़ाव बना रहता है।
“मैंने एक दोस्त के साथ बस थोड़ी देर टहलने के लिए मिलना शुरू किया। इसमें कोई दबाव नहीं होता, लेकिन इससे जुड़े रहने में सच में मदद मिलती है।” - PSSD मरीज़, कनाडा
3. ऑनलाइन सपोर्ट ग्रुप से जुड़ें
अगर आमने-सामने मिलना बहुत भारी लगता है, तो ऑनलाइन सपोर्ट ग्रुप एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। इन समुदायों में आप ऐसे लोगों से जुड़ सकते हैं, जो समझते हैं कि आप किस दौर से गुज़र रहे हैं, और इसमें आमने-सामने मिलने का दबाव भी नहीं होता।
4. मेलजोल के छोटे, पूरे हो सकने वाले लक्ष्य रखें
छोटी शुरुआत करें और ऐसे लक्ष्य रखें जो पूरे हो सकें, जैसे किसी दोस्त को मैसेज भेजना या थोड़ी देर के लिए किसी ऑनलाइन बातचीत में शामिल होना। ये छोटे कदम धीरे-धीरे लोगों से आपका जुड़ाव फिर से बनाने में मदद कर सकते हैं।
“शुरू में मुझसे बस इतना हो पाता था कि हर कुछ दिनों में किसी दोस्त को एक छोटा-सा मैसेज भेज दूँ, लेकिन समय के साथ इससे अकेलापन कम महसूस होने लगा।” - PSSD मरीज़, ब्रिटेन
लोगों की नकारात्मक प्रतिक्रियाओं से निपटना
दुख की बात है कि जब आप PSSD के अपने अनुभव के बारे में बताएँगे, तो हर कोई इसे नहीं समझेगा या अच्छी प्रतिक्रिया नहीं देगा। कुछ लोग आपके लक्षणों को हल्के में ले सकते हैं, बेकार की सलाह दे सकते हैं, या दूरी बना सकते हैं। अगर ऐसा हो, तो ज़रूरी है कि आप इसे दिल पर न लें। हर कोई नहीं समझेगा कि आप किस दौर से गुज़र रहे हैं, और यह ठीक है। उन लोगों पर ध्यान दें जो आपका साथ देते हैं, और ऑनलाइन समुदायों में ऐसे दूसरे लोगों को ढूँढने के बारे में सोचें, जिनके अनुभव आपसे मिलते-जुलते हैं।
“जब मैंने पहली बार PSSD के बारे में खुलकर बताया, तो मुझे बहुत-सी बेकार की बातें सुनने को मिलीं। लेकिन मुझे समझ आया कि जिन्हें सच में मेरी परवाह थी, वे साथ बने रहे, और इसी से सारा फ़र्क पड़ा।” - PSSD मरीज़, ब्रिटेन
और पढ़ें
PSSD के साथ अकेलेपन से निकलना धीरे-धीरे होता है, लेकिन दूसरों से जुड़ने के छोटे कदम उठाकर आप अकेलेपन का एहसास कम कर सकते हैं। याद रखें, अपनी रफ़्तार से चलना और उन लोगों से सहारा माँगना ठीक है, जो आपके अनुभव को समझते हैं।
सभी उद्धरणों का अंग्रेज़ी से हिंदी में अनुवाद किया गया है।
यह जानकारी डॉक्टर की सलाह की जगह नहीं ले सकती। अपने इलाज के बारे में कोई भी फ़ैसला लेने से पहले अपने डॉक्टर से बात करें।
570+ लोग रजिस्ट्री से जुड़ चुके हैं।
आप भी जुड़ें, फिर अपने साइड इफ़ेक्ट रिपोर्ट करें।
- अपनी बीमारी को रिकॉर्ड में दर्ज कराएँ
- जिन अध्ययनों में आप हिस्सा ले सकते हैं, उनकी खबर सबसे पहले पाएँ
- फिर अपने साइड इफ़ेक्ट की रिपोर्ट PvPI को करें