मुझे लगता है कि मुझे PFS है, अब क्या करूँ?
PFS जैसे लक्षणों से परेशान हैं? शुरुआती घबराहट में क्या करें, अपने शरीर और मन का ध्यान कैसे रखें, और मदद कहाँ मिल सकती है।

अगर हाल में आपको ऐसे लक्षण होने लगे हैं, जिनसे आपको शक है कि कहीं आपको पोस्ट-फ़िनास्टेराइड सिंड्रोम (PFS) तो नहीं, तो शायद इस समय आपको बहुत घबराहट, डर और उलझन हो रही होगी कि आगे क्या करें। यह लेख घबराहट के उन पहले पलों में आपका सहारा बनने के लिए लिखा गया है। हम आपको एक-एक कदम बताएँगे, और व्यावहारिक सलाह देंगे कि शांति और सावधानी से इस दौर को कैसे संभालें। लेकिन याद रखें कि हम डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी नहीं हैं। यहाँ दी गई जानकारी PFS से प्रभावित मरीज़ों के साझा अनुभवों पर आधारित है, और यह डॉक्टर की सलाह की जगह नहीं ले सकती। कोई भी बड़ा फ़ैसला लेने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर से बात करें।
घबराएँ नहीं, आपको यह सब अकेले नहीं झेलना है
सबसे पहला और सबसे ज़रूरी काम है एक गहरी साँस लेना, और खुद को याद दिलाना कि इस अनुभव से गुज़रने वाले आप अकेले इंसान नहीं हैं। बहुत-से लोग उस दौर से गुज़रे हैं, जिससे आप अभी गुज़र रहे हैं, और उन्होंने अपने लक्षणों को संभालने, यहाँ तक कि उनसे ठीक होने के रास्ते भी ढूँढे हैं। डर लगना स्वाभाविक है, लेकिन घबराहट से चीज़ें और मुश्किल ही होंगी। यह समझें कि इन लक्षणों का मतलब यह नहीं कि आपका मानसिक संतुलन बिगड़ रहा है, और इनमें सुधार की उम्मीद है।
फ़िनास्टेराइड बंद करने के बारे में सोचें, लेकिन सुरक्षित तरीके से
आपके मन में सबसे पहले आने वाले सवालों में से एक यह हो सकता है कि क्या आपको फ़िनास्टेराइड (finasteride; भारत में Finpecia और Finax) लेना बंद कर देना चाहिए। मरीज़ों के समुदाय में बहुत-से लोग मानते हैं कि दवा बंद करने से मदद मिल सकती है, लेकिन यह फ़ैसला बहुत सोच-समझकर लेना ज़रूरी है। कुछ मरीज़ों ने पाया है कि दवा को एकदम से बंद करने के बजाय धीरे-धीरे डोज़ कम करने (टेपरिंग) से लक्षण बिगड़ने का जोखिम कम होता है। कोई भी बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से बात करें कि आपके लिए सबसे कम जोखिम वाला तरीका क्या होगा।
आप पर जो बीत रही है, वह किसी से बाँटें
यह सब अकेले झेलना आपको दुनिया से बहुत कटा हुआ महसूस करा सकता है। अपने सबसे करीबी रिश्तेदारों या किसी भरोसेमंद दोस्त को बताएँ कि आप पर क्या बीत रही है। सब कुछ मन में दबाकर रखने से आपका तनाव बढ़ेगा ही। अगर कोई आपको समझता है और आपका साथ देता है, तो लक्षणों से निपटने में इससे बहुत बड़ा फ़र्क पड़ सकता है।
अपने शरीर और मन का ध्यान रखें
इन शुरुआती दिनों में शारीरिक और मानसिक, दोनों तरह से अपना ध्यान रखना बहुत ज़रूरी है। कुछ ज़रूरी बातें, जो आप कर सकते हैं:
- भरपूर नींद लें: क्रैश (दवा बंद करने या डोज़ घटाने के बाद लक्षणों का अचानक शुरू होना या तेज़ी से बिगड़ना) के बाद नींद बहुत बिगड़ सकती है, और कुछ लोगों को ठीक से आराम कर पाना असंभव लग सकता है। शुरुआती दौर में ऐसा होना आम है। जितना हो सके, उतनी नींद लेने की पूरी कोशिश करें, चाहे इसके लिए सोने का सख्त रूटीन बनाना पड़े या सोने से पहले आराम देने वाली तकनीकें अपनानी पड़ें।
- सेहतमंद खाना खाएँ: पोषक तत्वों से भरपूर संतुलित आहार पर ध्यान दें। शराब और ज़्यादा प्रोसेस्ड खाने से बचें, क्योंकि इनसे लक्षण बढ़ सकते हैं।
- जितना हो सके, आराम करें: ऐसे काम करें, जिनसे आपको सुकून मिले, जैसे ध्यान (मेडिटेशन), गहरी साँस लेने के अभ्यास या कुछ ऐसा देखना, जो मन को शांत करे। ऐसे कामों से बचें, जो दिमाग पर बहुत ज़्यादा बोझ डालें या तनाव दें।
- ताज़ी हवा और धूप लें: बाहर समय बिताने से मूड और कुल मिलाकर सेहत बेहतर हो सकती है। बाहर थोड़ी देर टहलने से भी फ़र्क पड़ सकता है।
उन लोगों से जुड़ें, जो आपकी बात समझते हैं
कभी-कभी सबसे अच्छा साथ उन्हीं लोगों से मिलता है, जो खुद इससे गुज़रे हैं। हमारे WhatsApp सपोर्ट ग्रुप से जुड़ने के बारे में सोचें, जो स्कैंडिनेविया, ब्रिटेन और अमेरिका/कनाडा के लिए हैं। इन ग्रुपों में आपको ऐसे लोग मिलेंगे, जो ठीक आपके जैसे हालात से गुज़रे हैं। वे आपको सलाह और हौसला दे सकते हैं, और आपकी बात ध्यान से सुन सकते हैं।
जल्दबाज़ी में बड़े फ़ैसले न लें
जब डर लग रहा हो, तो जल्दी कुछ करने का मन होना स्वाभाविक है, लेकिन जल्दबाज़ी के फ़ैसले कभी-कभी हालात और बिगाड़ सकते हैं। जानकारी जुटाने, अपने डॉक्टर से सलाह लेने और अपने विकल्पों पर ध्यान से सोचने के लिए समय लें। इस समय सबसे ज़रूरी है शांत रहना, और सही मार्गदर्शन के बिना अपनी सेहत की दिनचर्या में कोई बड़ा बदलाव न करना।
निष्कर्ष
अगर आपको लगता है कि आपको PFS है, तो हर कदम सावधानी से उठाना बहुत ज़रूरी है। घबराएँ नहीं: बहुत-से लोगों ने अपने लक्षणों को संभालने और उनमें सुधार के रास्ते ढूँढे हैं। अपने डॉक्टर की देखरेख में फ़िनास्टेराइड बंद करने के बारे में सोचें, अपना अनुभव किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बाँटें, और अपनी शारीरिक और मानसिक सेहत का अच्छी तरह ध्यान रखें। सबसे ज़रूरी बात, याद रखें कि इस दौर से आपको अकेले नहीं गुज़रना है। हमारे WhatsApp सपोर्ट ग्रुप आपकी मदद के लिए हैं, जहाँ ऐसे लोग हैं जो समझते हैं कि आप किस दौर से गुज़र रहे हैं। कोई भी बड़ा फ़ैसला लेने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर से बात करें, और एक-एक कदम आगे बढ़ें।
और पढ़ें
यह जानकारी डॉक्टर की सलाह की जगह नहीं ले सकती। अपने इलाज के बारे में कोई भी फ़ैसला लेने से पहले अपने डॉक्टर से बात करें।
570+ लोग रजिस्ट्री से जुड़ चुके हैं।
आप भी जुड़ें, फिर अपने साइड इफ़ेक्ट रिपोर्ट करें।
- अपनी बीमारी को रिकॉर्ड में दर्ज कराएँ
- जिन अध्ययनों में आप हिस्सा ले सकते हैं, उनकी खबर सबसे पहले पाएँ
- फिर अपने साइड इफ़ेक्ट की रिपोर्ट PvPI को करें